Begin typing your search above and press return to search.
Begin typing your search above and press return to search.
कानून व्यवस्था के नाम पर जीरो है योगी सरकार: अखिलेश

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ता में आने के बाद सूबे में अपराधों की बाढ़ आ गई है। हत्या, लूट, अपहरण की घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। महिलाओं और बच्चियों को लगभग हर रोज अपमानजनक स्थितियों से गुजरना पड़ रहा है। बलात्कार की घटनाओं से इस प्रदेश की अब विदेशों तक में बदनामी हो रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने तंज करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने पर मुयमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बड़ा ऐलान किया था कि अब अपराधी या तो जेल में होंगे या प्रदेश छोड़कर चले जाएंगे। डेढ़ वर्ष होने को है, अपराधी न तो बाहर गए न जेल में। वे सक्रिय रूप से प्रदेश में अपनी अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त हैं। वे पुलिस पर भी हमलावर हैं। पुलिस का इकबाल खत्म है। शासन-प्रशासन पंगु हो गया है। जनता भाजपा से त्रस्त है और अब सन् 2019 में ही भाजपा के विरोध में परिणाम आ जायेगा।
उन्होंने दावा किया उनकी सरकार के कार्यकाल में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने पर नहीं जाना पड़ता था। उन्होंने कहा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए समाजवादी सरकार में 1090 वूमेन पावर लाइन बनी थी। इस सेवा में शिकायतकर्ता की जानकारी गोपनीय रखे जाने की व्यवस्था थी। सपा सरकार ने शानदार अंतर्राष्ट्रीय स्तर की व्यवस्था यूपी डायल 100 शुरू की थी जिससे 10-15 मिनट के अंदर ही घटना स्थल पर पुलिस पहुंच जाती थी।
Next Story
