अखिलेश का ऐलान- छोटे दलों के साथ मिलकर लड़ेंगे 2022 का चुनाव, सरकार बनी तो वापस लेंगे CAA में दर्ज मुकदमे

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर सीसीए (नागरिकता संशोधन कानून) पर दर्ज मुकदमे वापस होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव छोटे दलों के साथ मिलकर लड़ा जाएगा। इस बार ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है।

अखिलेश यादव ने मंगलवार को कई नेताओं के सपा में शामिल होने के मौके पर पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा सरकार ने अन्याय- अत्याचार की सीमा पार कर दी है। कोई भी आवाज उठाता है, तो उसकी आवाज दबाने का काम सरकार कर रही है। यह सरकार जाएगी तभी लोकतंत्र बचेगा।

सपा मुखिया ने कहा कि कृषि कानून किसानों के लिए डेथ वारंट है। देश में किसी भी दल के कार्यकतार्ओं पर इतने मुकदमे नहीं दर्ज हुए जितने सपा नेताओं पर आंदोलन के दौरान लगा दिए गए। उन्होंने कहा कि किसान लोग इस दंभी भाजपा सरकार को सड़क पर ले आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया लॉकडाउन में पैदल अपने घर जाते समय काफी मज़दूरों की मौत हो गई लेकिन सरकार ने किसी की मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि हाथरस मामले में सरकार झूठी साबित हुई। उन्होंने कहा कि जो काम कभी लोकतंत्र में नहीं हुआ वह भाजपा कर रही है। अब सरकार के मंत्री फर्जी मोबाइल कंपनी लांच कर रहे हैं।

पश्चिम बंगाल की जनता भाजपा को हराएगी

सपा अध्‍यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा दूसरे दलों के नेताओं को तोड़ती है और उन्हें लड़ाती है, झगड़े कराती है और उसका फायदा उठाती है। पश्चिम बंगाल में भी यही कर रही है। उन्‍होंने पश्चिम बंगाल की जनता से भाजपा को हराने की अपील की।

सपा में कई नेता शामिल

अखिलेश यादव के समक्ष बसपा के मुख्य कोआर्डीनेटर रहे रमेश गौतम, बसपा से लोकसभा चुनाव लड़ चुके मसूद आलम समेत देवीपाटन मंडल के दो सौ ज्यादा लोगों ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैय्या राणा भी सपा में शामिल हो गई। वह पिछले दिनों सीएए पर चले आंदोलन में शामिल हुईं थीं।

Related Articles
Next Story
Share it